AwazBharti
technology

Google Chrome Warning : Chrome ब्राउजर में गंभीर खामी, CERT-In ने यूजर्स को तुरंत अपडेट करने की दी सलाह

a

arvind sahu

Saturday, July 11, 2026

Google Chrome Warning : Chrome ब्राउजर में गंभीर खामी, CERT-In ने यूजर्स को तुरंत अपडेट करने की दी सलाह

Google Chrome Warning : आज के दौर में साइबर अपराध लगातार नए-नए तरीके अपनाकर लोगों की निजी और वित्तीय जानकारी को निशाना बना रहे हैं। ऐसे में यदि आप अपने कंप्यूटर या लैपटॉप पर Google Chrome ब्राउज़र का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद महत्वपूर्ण है। भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी CERT-In ने Google Chrome में पाई गई कई गंभीर सुरक्षा खामियों को लेकर हाई अलर्ट जारी किया है। एजेंसी के मुताबिक इन कमजोरियों का फायदा उठाकर साइबर अपराधी Windows, macOS और Linux सिस्टम को निशाना बना सकते हैं, जिससे यूजर्स का डेटा चोरी होने, डिवाइस हैक होने या सिस्टम पर अनधिकृत नियंत्रण हासिल किए जाने का खतरा बढ़ सकता है।

भारत सरकार की साइबर सुरक्षा एजेंसी की चेतावानी

CERT-In के अनुसार, Google Chrome में सामने आईं ये सुरक्षा खामियां ब्राउज़र के कई महत्वपूर्ण फीचर्स और कंपोनेंट्स से जुड़ी हैं। इनमें Ozone, WebRTC, एक्सटेंशन, ऑटोफिल, पेमेंट सिस्टम, फॉर्म, IndexedDB, V8 इंजन, ANGLE, WebGL, नेविगेशन, पासवर्ड मैनेजर और कोडेक जैसे हिस्से शामिल हैं। एजेंसी का कहना है कि यदि इन कमजोरियों का फायदा हैकर्स उठा लेते हैं, तो वे यूजर्स के सिस्टम में सेंध लगाकर संवेदनशील जानकारी तक पहुंच बना सकते हैं और डिवाइस की सुरक्षा को भी गंभीर खतरे में डाल सकते हैं।

कौन-कौन से यूजर्स को हो सकती परेशानी

CERT-In ने बताया है कि यह खतरा उन यूजर्स के लिए ज्यादा गंभीर है, जो अभी भी Google Chrome का पुराना वर्जन इस्तेमाल कर रहे हैं। एजेंसी के अनुसार, Windows और macOS पर 150.0.7871.114/.115 से पहले के सभी वर्जन तथा Linux पर 150.0.7871.114 से पुराने वर्जन प्रभावित हैं। यदि आपके सिस्टम में Chrome का इनमें से कोई पुराना वर्जन चल रहा है, तो साइबर जोखिम से बचने के लिए उसे बिना देरी किए नवीनतम वर्जन में अपडेट कर लेना चाहिए।

गौरतलब हो, आज के समय में Google Chrome केवल इंटरनेट ब्राउजर नहीं, बल्कि बैंकिंग, ऑनलाइन पेमेंट, ऑफिस के जरूरी काम और निजी दस्तावेजों तक पहुंच का सबसे बड़ा माध्यम बन चुका है। ऐसे में छोटी-सी लापरवाही भी साइबर अपराधियों के लिए बड़ा मौका बन सकती है। यदि आपने अभी तक अपने Chrome ब्राउजर का वर्जन नहीं देखा है, तो एक बार जरूर जांच लें। अगर वह पुराना है, तो बिना देर किए उसे अपडेट कर दें। कुछ मिनट का यह कदम आपकी निजी जानकारी, बैंकिंग डिटेल और पूरे सिस्टम को संभावित साइबर हमले से सुरक्षित रखने में अहम भूमिका निभा सकता है।