AwazBharti
sports

India vs Ireland Match: युवा टीम इंडिया पहले ही मैच में फेल, आयरलैंड ने ऐतिहासिक जीत से रचा इतिहास

a

arvind sahu

Saturday, June 27, 2026

India vs Ireland Match: युवा टीम इंडिया पहले ही मैच में फेल, आयरलैंड ने ऐतिहासिक जीत से रचा इतिहास

India vs Ireland Match: नए कप्तान के साथ आयरलैंड की धरती पर उतरी विश्व विजेता भारतीय क्रिकेट टीम को आयरलैंड के रणबांकुरों ने पटखनी देकर भारत के करोड़ों क्रिकेट प्रशंसकों को निराश कर दिया। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में भारत की युवा ब्रिगेड दो मैचों की टी-20 सीरीज खेलने आयरलैंड पहुंची है, लेकिन पहले ही मुकाबले में भारतीय टीम को हार का सामना करना पड़ा। इस हार ने भारत की आगामी वैश्विक प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। शुक्रवार को खेले गए मैच में आयरलैंड ने भारत को 34 रन से हरा दिया। 183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम 148 रन पर ही ताश के पत्तों की तरह बिखर गई।

भारत का टॉप बैटिंग ऑर्डर ताश के पत्तों की तरह बिखरा

183 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी सितारों से सजी भारतीय टीम का टॉप ऑर्डर आयरलैंड के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गया। भारतीय टीम को पहला झटका सलामी बल्लेबाज संजू सैमसन के रूप में लगा। संजू ने 4 गेंदों पर 5 रन बनाए। डेब्यू मैच खेल रहे भारतीय मूल के जय मूंदरा ने उन्हें बोल्ड कर दिया। इसके बाद भारतीय टीम लगातार विकेट गंवाती चली गई। ईशान किशन भी केवल 5 गेंदों पर 1 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। वहीं, कप्तान श्रेयस अय्यर का प्रदर्शन भी पहले मैच में निराशाजनक रहा। उन्होंने 7 गेंदों का सामना करते हुए सिर्फ 3 रन बनाए।

गेंदबाजों की जमकर पिटाई

इससे पहले भारतीय गेंदबाजों की भी आयरलैंड के बल्लेबाजों ने जमकर खबर ली। प्रसिद्ध कृष्णा का प्रदर्शन टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी निराशा साबित हुआ। उन्होंने अपने चार ओवर के स्पेल में बिना कोई विकेट लिए 57 रन लुटा दिए और उनकी इकोनॉमी 14.20 रही। खास तौर पर 17वें ओवर में उन्होंने 27 रन खर्च किए, जो टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में आयरलैंड के खिलाफ किसी भी भारतीय गेंदबाज का सबसे महंगा ओवर बन गया।

वहीं, हरफनमौला खिलाड़ी के रूप में टीम में शामिल वॉशिंगटन सुंदर का प्रदर्शन भी कुछ खास नहीं रहा। उन्होंने पहले गेंदबाजी में निराश किया, फिर बल्लेबाजी में भी कोई प्रभाव नहीं छोड़ सके। उन्होंने अपने एकमात्र ओवर में 19 रन खर्च किए। इसके बाद बल्लेबाजी क्रम में प्रमोट किए जाने के बावजूद 12 गेंदों पर केवल 9 रन ही बना सके।

सीरीज का अंतिम मुकाबला 28 जून को

गौरतलब है कि पूर्व विश्व विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव के हालिया निराशाजनक प्रदर्शन के बाद भारतीय टी-20 टीम की कप्तानी श्रेयस अय्यर को सौंपी गई थी। चयनकर्ताओं ने भारतीय क्रिकेट के भविष्य को ध्यान में रखते हुए टीम में ज्यादातर युवा खिलाड़ियों को मौका दिया, लेकिन श्रेयस की अगुवाई वाली टीम पहले टी-20 में उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी। अब सीरीज का दूसरा और अंतिम मुकाबला 28 जून को बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट क्लब में खेला जाएगा।