IND vs ENG 3rd ODI: लॉर्ड्स में भारत को बड़ा झटका! रोहित के शतक के बावजूद इंग्लैंड बना विजेता
arvind sahu
Monday, July 20, 2026

IND vs ENG 3rd ODI: इंग्लैंड ने तीन मैचों की वनडे सीरीज के आखिरी मुकाबले में भारत को हराकर 2-1 से सीरीज अपने नाम कर ली। लॉर्ड्स में खेले गए निर्णायक मुकाबले में भारतीय कप्तान शुभमन गिल टॉस हार गए, जिसके बाद टीम इंडिया को पहले गेंदबाजी करनी पड़ी। इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही भारतीय गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा और पूरे मैच में खुलकर रन बटोरे। नतीजा यह रहा कि मेजबान टीम ने भारत के सामने 387 रनों का विशाल लक्ष्य खड़ा कर दिया।
पूरे मैच के दौरान भारतीय गेंदबाजी पूरी तरह बिखरी हुई नजर आई। नई गेंद से तेज गेंदबाज शुरुआती विकेट नहीं दिला सके, जिससे इंग्लैंड को मजबूत शुरुआत मिल गई। इसके बाद बीच के ओवरों में भी रन गति पर लगाम नहीं लग सकी और बल्लेबाज आसानी से बड़े शॉट खेलते रहे। डेथ ओवरों में भी भारतीय गेंदबाज सटीक लाइन-लेंथ नहीं रख पाए, जिसका इंग्लैंड ने पूरा फायदा उठाया। लगभग हर भारतीय गेंदबाज महंगा साबित हुआ और कोई भी ऐसा नहीं दिखा जो लगातार दबाव बनाकर मैच का रुख बदल सके। यही वजह रही कि भारत को बड़े लक्ष्य का पीछा करना पड़ा और आखिरकार सीरीज भी हाथ से निकल गई।
रोहित का ऐतिहासिक शतक भी नहीं बचा सका भारत को
388 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी टीम इंडिया को रोहित शर्मा और कप्तान शुभमन गिल ने शानदार शुरुआत दिलाई। दोनों ने पहले विकेट के लिए 147 रनों की बेहतरीन साझेदारी कर भारत को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। गिल के आउट होने के बाद विराट कोहली ने भी रोहित का अच्छा साथ निभाया और 74 रनों की अहम पारी खेली। हालांकि, इन तीनों बल्लेबाजों के अलावा बाकी बल्लेबाज बड़ी साझेदारी नहीं निभा सके। नतीजतन, अच्छी शुरुआत के बावजूद भारत लक्ष्य से 27 रन दूर रह गया और सीरीज भी गंवा बैठा।
इस मुकाबले में रोहित शर्मा ने कप्तानी पारी खेलते हुए 138 रनों की शानदार शतकीय पारीखेली। उन्होंने अपनी पारी में 17 चौके और 6 गगनचुंबी छक्के जड़ते हुए पूरे मैदान में आकर्षक शॉट लगाए। रोहित का यह शतक कई मायनों में खास रहा। यह लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर किसी भी भारतीय बल्लेबाज का वनडे क्रिकेट में पहला शतक है। अपनी इस दमदार पारी के जरिए रोहित ने उन आलोचकों को भी करारा जवाब दिया, जो पिछले कुछ समय से उनके संन्यास को लेकर सवाल उठा रहे थे।
इंग्लैंड की जीत के हीरो
इंग्लैंड की जीत के सबसे बड़े नायक सलामी बल्लेबाज बेन डकेट रहे, जिन्होंने 141 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर भारत के गेंदबाजों की जमकर परीक्षा ली। उनके अलावा जो रूट ने नाबाद 74 रन और जैकब बेथेल ने 91 रनों की महत्वपूर्ण पारी खेली। अंत में कप्तान जोस बटलर ने सिर्फ 13 गेंदों में 41 रन बनाकर टीम को 3 विकेट पर 387 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया। यह वनडे क्रिकेट में भारत के खिलाफ इंग्लैंड का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर भी बन गया।
गेंदबाजी में सैम करन ने मैच का रुख बदल दिया। जब भारत लक्ष्य की ओर तेजी से बढ़ता नजर आ रहा था, तब करन ने अपनी धीमी गेंदों और सटीक लाइन-लेंथ से भारतीय बल्लेबाजों को लगातार परेशान किया। उन्होंने 10 ओवर में 75 रन देकर 4 महत्वपूर्ण विकेट झटके और इंग्लैंड की जीत के सबसे बड़े मैच विनर साबित हुए।