AwazBharti
sports

आयरलैंड दौरे की शुरुआत विवाद के साथ, अभ्यास पिच की खामी पर भड़का टीम मैनेजमेंट

a

arvind sahu

Friday, June 26, 2026

आयरलैंड दौरे की शुरुआत विवाद के साथ, अभ्यास पिच की खामी पर भड़का टीम मैनेजमेंट

खेल। आयरलैंड की जमीन पर भारतीय क्रिकेट टीम दो मैचों की टी-20 सीरीज के लिए पहुंची है, लेकिन सीरीज से पहले ही भारतीय क्रिकेट टीम को आयरलैंड में अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा है, जिसे लेकर भारतीय टीम मैनेजमेंट ने आयरलैंड मैनेजमेंट से शिकायत भी दर्ज करवाई है। दरअसल, भारतीय टीम को मैच से पूर्व अभ्यास के लिए जो जगह आयरलैंड मैनेजमेंट द्वारा उपलब्ध करवाई गई थी, वहां साइटस्क्रीन नहीं लगाए गए थे और जो सुविधाएं मुहैया करवाई गई थीं, वे भी अपर्याप्त थीं। ऐसे में जब भारतीय टीम अभ्यास मैदान में प्रैक्टिस कर रही थी, तो बल्लेबाजों को गेंद देखने में परेशानी का सामना करना पड़ा।

इस संबंध में कुछ मीडिया रिपोर्ट्स में बीसीसीआई से जुड़े एक सूत्र के हवाले से दावा किया गया है कि अभ्यास के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं में कुछ कमियां सामने आई थीं, जिन्हें भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ ने तुरंत आयरलैंड क्रिकेट बोर्ड के अधिकारियों के सामने रखा। इसके बाद टीम के ऑपरेशंस मैनेजर ने मेजबान पक्ष के साथ बातचीत की, जिसके परिणामस्वरूप आवश्यक सुधार किए गए और अभ्यास सत्र बिना किसी अन्य बाधा के सामान्य रूप से पूरा हुआ।

वैभव सूर्यवंशी पर होंगी सबकी नजरें

15 वर्षीय युवा क्रिकेटर वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टीम में चुना गया है। उन्होंने आईपीएल में अपनी धमाकेदार बल्लेबाजी शैली से क्रिकेट प्रेमियों के साथ-साथ चयनकर्ताओं को भी प्रभावित किया था। अपने शानदार प्रदर्शन की बदौलत वैभव को 15 सदस्यीय टीम में जगह मिली है।


अभ्यास के दौरान भी भारतीय क्रिकेट प्रेमियों ने उन्हें देखने के लिए मैदान के आसपास भीड़ लगा ली थी। हालांकि, उनके अंतिम एकादश में खेलने को लेकर अब भी संशय बरकरार है, क्योंकि भारत के पास ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और संजू सैमसन जैसे टॉप ऑर्डर बल्लेबाज मौजूद हैं, जो लगातार अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं। ऐसे में अंतिम 11 में वैभव को मौका मिलेगा या नहीं, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।

श्रेयस अय्यर के लिए बतौर कप्तान पहली सीरीज

आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज श्रेयस अय्यर के लिए बतौर कप्तान पहला असाइनमेंट होगी। टीम इंडिया की कमान संभालने के साथ उनके सामने न सिर्फ सीरीज जीतने की चुनौती होगी, बल्कि युवा खिलाड़ियों के साथ संतुलित संयोजन तैयार करने और अपनी नेतृत्व क्षमता साबित करने का भी सुनहरा अवसर रहेगा। श्रेयस अय्यर ने आईपीएल में अपनी कप्तानी और बल्लेबाजी, दोनों से अलग पहचान बनाई है। उनकी अगुआई में टीमों ने लगातार बेहतर प्रदर्शन किया है। 2024 में उन्होंने अपनी टीम को खिताब दिलाया था, जबकि 2025 में भी उनकी कप्तानी में टीम फाइनल तक पहुंची। बल्लेबाजी में भी उन्होंने कई महत्वपूर्ण पारियां खेलकर खुद को भरोसेमंद मध्यक्रम बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया है।

कब शुरू होगा मैच

आयरलैंड क्रिकेट टीम आज तक किसी भी फॉर्मेट में भारत के खिलाफ जीत दर्ज नहीं कर पाई है। टी-20 की बात करें तो दोनों टीमों के बीच खेले गए सभी आठ मुकाबले भारत ने जीते हैं। ऐसे में भारत का पलड़ा पहले से ही भारी माना जा रहा है, लेकिन आयरलैंड को कमतर आंकना भी जल्दबाजी होगी, क्योंकि यह ऐसी टीम है जिसने कई मौकों पर खुद को एक मजबूत क्रिकेट टीम साबित किया है।

आपको बता दें कि भारत और आयरलैंड के बीच पहला टी-20 मुकाबला बेलफास्ट के सिविल सर्विस क्रिकेट ग्राउंड पर खेला जाएगा। इस मैच का भारत में सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क के चैनलों पर होगा, जबकि लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर देखी जा सकेगी।