आयरलैंड दौरे के लिए युवा टीम इंडिया तैयार, टी20 सीरीज से होगी नई शुरुआत
arvind sahu
Thursday, June 25, 2026

खेल। घरेलू जमीन पर जीत का स्वाद चखने के बाद भारत के युवा क्रिकेटरों की टोली अब आयरलैंड की सरज़मीं पर भी अपनी छाप छोड़ने के लिए पूरी तरह तैयार है। भारतीय युवा ब्रिगेड का लक्ष्य 2028 में होने वाले अगले टी20 विश्व कप और लॉस एंजिल्स ओलंपिक पर टिका है, जहां क्रिकेट को टी20 प्रारूप में ही खेला जाना है। आयरलैंड में खेली जाने वाली टी20 सीरीज भारतीय युवाओं की तैयारियों की एक महत्वपूर्ण परीक्षा होगी, जब ये खिलाड़ी पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव के बिना मैदान में उतरेंगे। जी हां, चयनकर्ताओं ने सूर्यकुमार यादव के हालिया प्रदर्शन को देखते हुए उन्हें इस दौरे के लिए टीम में शामिल नहीं किया है। उनकी जगह आईपीएल जैसे बड़े फ्रेंचाइजी टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन करने वाले श्रेयस अय्यर को भारत की टी20 टीम की कप्तानी सौंपी गई है।
युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी पर रहेंगी सबकी नजरें
आईपीएल में बेहतरीन प्रदर्शन के दम पर दुनियाभर के क्रिकेट प्रेमियों के बीच चर्चा का विषय बने बिहार के युवा प्रतिभाशाली बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी पर सबकी नजरें रहने वाली हैं। राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने अपने दम पर टीम को एलिमिनेटर मुकाबले में शानदार जीत दिलाई थी। उन्होंने मात्र 29 गेंदों में 97 रनों की तूफानी पारी खेलकर मैच को पूरी तरह एकतरफा बना दिया था।

क्रिस गेल जैसे दिग्गज बल्लेबाज का रिकॉर्ड तोड़ने वाले सूर्यवंशी का आयरलैंड दौरे के लिए चयन क्रिकेट प्रशंसकों को खूब पसंद आ रहा है। शुरुआती ओवरों में ही उनका आक्रामक खेल विरोधी टीमों पर भारी पड़ता है। ऐसे में जब से चयन समिति ने इस युवा प्रतिभा को भारतीय टीम में जगह दी है, तब से क्रिकेट प्रेमियों के बीच उनके प्रदर्शन को लेकर उत्सुकता और भी बढ़ गई है।
आयरलैंड की कप्तानी लॉर्कन टकर के हाथों में
आयरलैंड क्रिकेट ने टीम की कमान युवा विकेटकीपर बल्लेबाज लॉर्कन टकर को सौंपी है, जो 2025 से टीम के उप-कप्तान की भूमिका निभा रहे हैं। टकर इससे पहले भी दो टी20 मुकाबलों में कप्तानी कर चुके हैं, जिससे उन्हें नेतृत्व का अनुभव हासिल है। वहीं, चयनकर्ताओं ने भविष्य को ध्यान में रखते हुए मैथ्यू हॉलार्ड, जय मूंदड़ा और रूबेन विल्सन जैसे नए चेहरों को भी टीम में मौका दिया है।
कब से होगा सीरीज का शुभारंभ
भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की सीरीज का शुभारंभ 26 जून का होगा वही सीरीज का दुसरा और अतिंम मैच 28 जून को खेला जाना है। भारत में दर्शकों के लिए इन मैचों का सीधा प्रसारण सोनी स्पोर्ट्स नेटवर्क (Sony Sports Network) पर किया जाएगा। टीवी पर इसे सोनी स्पोर्ट्स 1, सोनी स्पोर्ट्स 5 (अंग्रेजी), सोनी स्पोर्ट्स 3 (हिंदी) के साथ-साथ तमिल, तेलुगु और मलयालम भाषाओं के चैनलों पर भी देखा जा सकेगा। इसके अलावा, जो फैंस डिजिटल प्लेटफॉर्म पर मैच का लुत्फ उठाना चाहते हैं वे सोनी लिव (SonyLIV) ऐप और वेबसाइट पर इसकी लाइव स्ट्रीमिंग देख सकते हैं।