AwazBharti
politics

Sonam Wangchuk News: सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली हाई कोर्ट में दायर हुई जनहित याचिका

a

arvind sahu

Wednesday, July 15, 2026

Sonam Wangchuk News: सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने पर दिल्ली हाई कोर्ट में दायर हुई जनहित याचिका

Sonam Wangchuk News: छात्रों की मांगों और कथित नीट पेपर लीक मामले को लेकर अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे सामाजिक कार्यकर्ता और प्रसिद्ध पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक की बिगड़ती सेहत को लेकर दिल्ली हाई कोर्ट में एक जनहित याचिका (PIL) दायर की गई है। याचिका में अदालत से तत्काल हस्तक्षेप करते हुए वांगचुक को आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने और उनकी भूख हड़ताल समाप्त कराने के लिए उचित निर्देश जारी करने की मांग की गई है। यह जनहित याचिका सामाजिक कार्यकर्ता एवं अधिवक्ता राकेश सैनी ने दाखिल की है।

बता दें कि सोनम वांगचुक पिछले कई दिनों से नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। इस दौरान डॉक्टरों की ओर से उनकी स्वास्थ्य संबंधी नियमित जानकारी भी साझा की जा रही है। मेडिकल अपडेट के अनुसार, लगातार उपवास के कारण उनका वजन घट रहा है और उनकी शारीरिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है।

अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल का 18वां दिन

सामाजिक कार्यकर्ता और पर्यावरणविद् सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल मंगलवार को 18वें दिन में प्रवेश कर गई। लगातार उपवास के कारण उनका 8 किलो से अधिक वजन घट चुका है और स्वास्थ्य में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। जानकारी के अनुसार, यदि उन्होंने जल्द भूख हड़ताल समाप्त नहीं की और भोजन ग्रहण नहीं किया, तो अगले दो दिनों के भीतर उनकी जान को गंभीर खतरा हो सकता है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर नजर बनाए हुए है और नियमित मेडिकल अपडेट जारी कर रही है।

सोनम वांगचुक को देशभर में समर्थन

सोनम वांगचुक की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल को लेकर देशभर में समर्थन लगातार बढ़ता जा रहा है। जंतर-मंतर स्थित आंदोलन स्थल पर अब तक कई राजनीतिक दलों के नेताओं, सांसदों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और फिल्म जगत की हस्तियों ने पहुंचकर उनसे मुलाकात की है या सार्वजनिक रूप से अपना समर्थन व्यक्त किया है।

आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे, टीएमसी सांसद महुआ मोइत्रा, पूर्व दिल्ली मुख्यमंत्री आतिशी, टीएमसी सांसद सागरिका घोष, सीपीआई(एम) सांसद जॉन ब्रिटास समेत कई विपक्षी नेताओं ने वांगचुक के समर्थन में बयान दिए हैं। वहीं फिल्म और साहित्य जगत से स्वरा भास्कर, शबाना आज़मी, नसीरुद्दीन शाह, रत्ना पाठक शाह, सोनी राजदान, जीनत अमान, प्रकाश राज, वीर दास, ओमी वैद्य, चिन्मयी श्रीपदा और लेखिका अरुंधति रॉय सहित अनेक प्रमुख हस्तियों ने भी उनका समर्थन करते हुए उनकी सेहत पर चिंता जताई है।