भगवंत मान ने लॉन्च की 'मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना', महिलाओं के खातों में पहुंचे 4500 रुपये
arvind sahu
Wednesday, July 1, 2026

Punjab Women Scheme: पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बुधवार को धुरी से बहुप्रतीक्षित 'मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना' का शुभारंभ किया। योजना के तहत पात्र महिलाओं के बैंक खातों में तीन माह की सम्मान राशि एकमुश्त ट्रांसफर की गई। यह योजना विधानसभा चुनाव 2022 से पहले आम आदमी पार्टी द्वारा महिलाओं से किए गए प्रमुख चुनावी वादों में शामिल थी। योजना की शुरुआत के साथ ही राज्यभर की लाभार्थी महिलाओं के खातों में सीधे राशि भेजी गई। इस दौरान मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि महिलाओं के मोबाइल फोन पर 4500 रुपये जमा होने के संदेश आने शुरू हो गए हैं, जो सरकार द्वारा किए गए वादे को पूरा करने का प्रमाण है।
पेंशनधारी महिलाएं भी पात्र
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्राप्त करने वाली महिलाओं को भी इस योजना का लाभ मिलेगा। राज्य सरकार के अनुसार, पंजाब की करीब 97 प्रतिशत महिलाएं इस योजना के दायरे में आएंगी। योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए सरकार ने वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट में 9,300 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है।
अरविंद केजरीवाल ने एक्स पर पोस्ट किया
आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने योजना की शुरुआत पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट साझा कर पंजाब सरकार और मुख्यमंत्री भगवंत मान को बधाई दी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव से पहले महिलाओं से किया गया वादा अब पूरा हो रहा है। केजरीवाल ने इसे महिलाओं के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि सरकार जनता से किए गए अपने वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है।

इस संबंध में आप के राष्ट्रीय संयोजक ने अपनी पोस्ट के माध्यम से पंजाब में पूर्व में सरकार चला चुकी पार्टियों पर तंज कसते हुए कहा कि "पंजाब की माताओं और बहनों के लिए आज बहुत बड़ा दिन है। अब तक सबने पंजाब को लूटा, लेकिन भगवंत मान पहले मुख्यमंत्री हैं जिन्होंने पंजाब को नहीं लूटा। उन्होंने सरकारी पैसा जनता तक पहुंचाया।"