PM Modi Chandigarh Visit: 17 जुलाई को चंडीगढ़ में पीएम मोदी, प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
arvind sahu
Wednesday, July 8, 2026

PM Modi Chandigarh Visit: देश का पहला योजनाबद्ध शहर और पंजाब व हरियाणा की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में प्रधानमंत्री Narendra Modi का 17 जुलाई को प्रस्तावित दौरा है। इसे लेकर प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम स्थल पर टेंट, बुनियादी ढांचे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के साथ-साथ संभावित उद्घाटन परियोजनाओं की सूची को भी अंतिम रूप दिया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार प्रधानमंत्री के दौरे और कार्यक्रमों की विस्तृत एवं आधिकारिक रूपरेखा अंतिम सूची जारी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
टेंट और बुनियादी ढांचे के लिये ई-टेंडर जारी
कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए चंडीगढ़ प्रशासन के इंजीनियरिंग विभाग ने टेंट, बुनियादी ढांचे और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं के लिए 2 करोड़ 2 लाख 29 हजार 915 रुपये की अनुमानित लागत वाला ई-टेंडर जारी किया है।
इस ई-टेंडर के तहत इच्छुक एजेंसियां 8 जुलाई को शाम 4 बजे तक अपनी निविदाएं जमा करा सकती हैं। इसके बाद उसी दिन शाम 4:30 बजे तकनीकी बोलियां खोली जाएंगी। प्रशासन का उद्देश्य कार्यक्रम से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं को समय रहते पूरा करना है, ताकि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।
600 टन क्षमता का डक्टेबल एसी
कार्यक्रम स्थल पर भीषण गर्मी को देखते हुए लोगों की सुविधा के लिए 600 टन क्षमता का डक्टेबल एयर कंडीशनिंग सिस्टम लगाया जाएगा। इसके अलावा मुख्य मंच पर 12 टावर एसी भी स्थापित किए जाएंगे। सुरक्षा और प्रोटोकॉल को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के लिए अलग से सुरक्षित एनक्लोजर बनाया जाएगा, जबकि विशिष्ट अतिथियों के लिए चार वीआईपी पैगोडा की भी व्यवस्था की जाएगी।
साउथ कैंपस में बने मल्टी-पर्पज ऑडिटोरियम का लोकार्पण
प्रधानमंत्री Narendra Modi के प्रस्तावित चंडीगढ़ दौरे के दौरान कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं का उद्घाटन किया जा सकता है। इनमें Postgraduate Institute of Medical Education and Research (पीजीआईएमईआर) में निर्मित एडवांस्ड न्यूरोसाइंसेज सेंटर और मदर एंड चाइल्ड हेल्थ सेंटर के साथ-साथ Panjab University के सेक्टर-25 स्थित साउथ कैंपस में बने मल्टी-पर्पज ऑडिटोरियम का लोकार्पण भी शामिल हो सकता है। हालांकि, प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार उद्घाटन होने वाली परियोजनाओं की अंतिम सूची अभी तैयार की जा रही है और जल्द ही इसे अंतिम रूप दिया जाएगा।
3 दिसंबर 2024 को चंडीगढ़ का दौरा
प्रधानमंत्री Narendra Modi ने इससे पहले 3 दिसंबर 2024 को चंडीगढ़ का दौरा किया था। उस दौरान उन्होंने Punjab Engineering College में आयोजित कार्यक्रम के दौरान देश में लागू किए गए तीन नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को राष्ट्र को समर्पित किया था। वहीं, 17 जुलाई के प्रस्तावित दौरे को भी चंडीगढ़ के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि कार्यक्रम को अंतिम स्वीकृति मिलती है, तो प्रधानमंत्री स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन एवं लोकार्पण कर सकते हैं।
गौरतलब हो, प्रधानमंत्री Narendra Modi का यह प्रस्तावित दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब पंजाब में अगले वर्ष विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में राजनीतिक और प्रशासनिक दोनों दृष्टिकोण से इस दौरे को महत्वपूर्ण माना जा रहा है। यदि कार्यक्रम को अंतिम मंजूरी मिलती है, तो स्वास्थ्य, शिक्षा और बुनियादी ढांचे से जुड़ी विकास परियोजनाओं के उद्घाटन के साथ-साथ इस दौरे पर राजनीतिक हलकों की भी खास नजर रहेगी।