AwazBharti
politics

इंडोनेशिया दौरे पर पीएम मोदी, कई बड़े समझौतों की उम्मीद

a

arvind sahu

Tuesday, July 7, 2026

इंडोनेशिया दौरे पर पीएम मोदी, कई बड़े समझौतों की उम्मीद

Narendra Modi Indonesia Visit : तीन दिवसीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया दौरे के दौरान भारत और इंडोनेशिया के बीच कई बड़े समझौते होने की उम्मीद जताई जा रही है। आज पीएम मोदी इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के बीच होने वाली द्विपक्षीय वार्ता में रक्षा, व्यापार, ऊर्जा और रणनीतिक साझेदारी को नई मजबूती देने पर प्रमुखता से चर्चा होगी। बैठक के दौरान भारत से करीब 2,500 करोड़ रुपये की ब्रह्मोस मिसाइल खरीद से जुड़े प्रस्ताव पर भी अंतिम फैसला होने और समझौते पर मुहर लगने की संभावना है।

पीएम मोदी के इंडोनेशिया दौरे के मायने

पीएम मोदी का इंडोनेशिया दौरा दोनों देशों के बीच सांस्कृतिक समन्वय को बढ़ाने के साथ-साथ भारत की एक्ट ईस्ट नीति, महासागर दृष्टिकोण और स्वतंत्र, खुले व समावेशी हिंद-प्रशांत क्षेत्र के विजन को भी मजबूती देगा। इसके साथ ही इस दौरे के दौरान समुद्री सुरक्षा, हिंद-प्रशांत क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग, व्यापार और निवेश सहित कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर व्यापक चर्चा होगी और अहम फैसले लिए जा सकते हैं।

द्विपक्षीय व्यापार में आई गिरावट

भारत और इंडोनेशिया स्वास्थ्य, कृषि, खाद्य सुरक्षा, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी, अंतरिक्ष, फार्मास्यूटिकल्स, शिक्षा, विनिर्माण और महत्वपूर्ण खनिजों समेत कई क्षेत्रों में अहम द्विपक्षीय समझौतों पर हस्ताक्षर करने की तैयारी में हैं। इन समझौतों का उद्देश्य दोनों देशों के आर्थिक और रणनीतिक संबंधों को नई मजबूती देना है। इसकी एक बड़ी वजह दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय वस्तु व्यापार में आई गिरावट भी मानी जा रही है। रिपोर्ट के अनुसार, वित्त वर्ष 2023 में 38.8 अरब डॉलर रहा द्विपक्षीय व्यापार घटकर वर्ष 2026 में 24.8 अरब डॉलर रह गया है। ऐसे में दोनों देश व्यापार और निवेश को बढ़ावा देकर आर्थिक साझेदारी को फिर से गति देने पर जोर देंगे।

अब तक इंडोनेशिया दौरे में क्या-क्या हुआ?

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को अपने तीन देशों के दौरे के पहले चरण में इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे। इंडोनेशियाई वायुसेना के लड़ाकू विमानों ने उनके विमान को हवाई एस्कॉर्ट दिया, जबकि राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो ने एयरपोर्ट पर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके बाद उन्हें औपचारिक गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।

2018 और 2023 के मुकाबले इस बार क्या है अलग?

2018 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इंडोनेशिया दौरे के दौरान दोनों देशों ने अपने रिश्तों को व्यापक रणनीतिक साझेदारी का दर्जा दिया था। वहीं, 2023 की यात्रा आसियान और ईस्ट एशिया शिखर सम्मेलन पर केंद्रित रही। इस बार का दौरा पहले के मुकाबले अधिक प्रभावी माना जा रहा है। रक्षा, व्यापार, ऊर्जा समेत कई क्षेत्रों में समझौतों के साथ ब्रह्मोस मिसाइल सौदे और घटते द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाने पर खास जोर रहेगा.