Ayodhya Ram Mandir Latest News: अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती पर संकट, 23 कर्मियों का सामूहिक इस्तीफा
arvind sahu
Friday, July 10, 2026

Ayodhya Ram Mandir Latest News: अयोध्या रामजन्मभूमि में कथित चंदा चोरी का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि अब राम मंदिर एक नए विवाद को लेकर चर्चा में आ गया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, मंदिर में श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए जाने वाले नकद चढ़ावे की गिनती करने वाले कई कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से इस्तीफा दे दिया है। इन कर्मचारियों का आरोप है कि उन पर काम का बोझ लगातार बढ़ाया गया, जबकि वेतन पहले की तुलना में कम कर दिया गया। बताया जा रहा है कि इसी वजह से अधिकांश कर्मियों ने अपनी सेवाएं छोड़ दीं। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम पर श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। ऐसे में कर्मचारियों के इस्तीफे और उसके कारणों को लेकर ट्रस्ट की आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
अब मंदिर में केवल 13 गणनाकर्मी ही बचे
3 कर्मियों के अचानक इस्तीफे से राम मंदिर प्रशासन की व्यवस्था पर बड़ा असर पड़ा है. अनुभवी कर्मचारियों के एक साथ नौकरी छोड़ने के बाद मंदिर प्रशासन को चढ़ावे की गिनती की व्यवस्था बनाए रखने में चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। 23 लोगों के एक साथ इस्तीफा देने के बाद अब मंदिर परिसर में सिर्फ 13 गणनाकर्मी ही बचे हैं। ऐसे में कहा जा रहा है कि जल्द मंदिर परिसर नए कर्मियों की भर्ती करेगी।
मंदिर में चढ़ावे में कमी
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, राम मंदिर में श्रद्धालुओं की ओर से नकद चढ़ावे में भी पहले की तुलना में कमी दर्ज की जा रही है। बताया जा रहा है कि अब दान में ₹500 और ₹100 के बड़े नोट पहले जितनी संख्या में नहीं आ रहे हैं। इसका असर नकदी की पैकिंग पर भी दिखाई दे रहा है। जहां पहले प्रतिदिन लगभग 40 से 45 बंडल तैयार होते थे, वहीं अब यह संख्या घटकर 15 से 20 बंडल रह गई है। हालांकि, इस संबंध में श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक आंकड़ा या बयान जारी नहीं किया गया है।