AwazBharti
health

Yoga for Constipation: पाचन होगा बेहतर, कब्ज होगी दूर! एक्सपर्ट भी बताते हैं ये 2 योगासन

a

arvind sahu

Saturday, June 27, 2026

Yoga for Constipation: पाचन होगा बेहतर, कब्ज होगी दूर! एक्सपर्ट भी बताते हैं ये 2 योगासन

Yoga for Constipation: आज की भागदौड़ भरी जिंदगी, अनियमित दिनचर्या और मिलावटी खानपान ने लोगों के स्वास्थ्य पर गहरा असर डाला है। खासकर पाचन संबंधी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। गैस, कब्ज, अपच, एसिडिटी और पेट फूलने जैसी दिक्कतें अब केवल बुजुर्गों तक सीमित नहीं रहीं, बल्कि युवा और बच्चे भी इनसे प्रभावित हो रहे हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि फास्ट फूड का अत्यधिक सेवन, खराब जीवनशैली और कम शारीरिक गतिविधि आज हर दूसरे व्यक्ति के जीवन का अभिन्न अंग बन गई है, जिससे पाचन तंत्र को काफी नुकसान पहुंचा है। आज हम ऐसी किसी भी परेशानी से जूझ रहे लोगों के लिए इस लेख के माध्यम से ऐसे चमत्कारी योगासनों के बारे में बताएंगे, जिनका नियमित अभ्यास करने से बिना किसी दवा के आपका पाचन बेहतर होगा, साथ ही दैनिक अभ्यास से पाचन तंत्र भी मजबूत बनेगा।

इन दो योगासान का उपयोग

वज्रासन- वज्रासन एक ऐसा योगासन है जिसे भोजन के बाद भी किया जा सकता है। यह पाचन क्रिया को बेहतर बनाने और भोजन को सही तरीके से पचाने में मदद करता है।

कैसे करें?

  • घुटनों के बल बैठ जाएं।

  • दोनों पैरों को पीछे की ओर मोड़कर एड़ियों पर बैठें।

  • रीढ़ सीधी रखें और हाथों को घुटनों पर रखें।

  • सामान्य गति से सांस लेते हुए 5 से 10 मिनट तक इसी मुद्रा में रहें।


पवनमुक्तासन - पवनमुक्तासन को पेट से जुड़ी समस्याओं के लिए सबसे प्रभावी योगासनों में से एक माना जाता है। यह आसन गैस, कब्ज और अपच की समस्या को कम करने में मदद करता है।

कैसे करें?

  • पीठ के बल सीधे लेट जाएं।

  • एक-एक करके या दोनों घुटनों को मोड़कर छाती से लगाएं।

  • दोनों हाथों से घुटनों को पकड़ें।

  • सिर उठाकर ठुड्डी को घुटनों से लगाने की कोशिश करें।

20 से 30 सेकंड तक इसी स्थिति में रहें और फिर सामान्य अवस्था में लौट आएं।

योग के साथ इन बातों का भी रखें ध्यान

योग का पूरा लाभ तभी मिलता है, जब उसके साथ संतुलित जीवनशैली भी अपनाई जाए। नियमित योगाभ्यास के अलावा पर्याप्त पानी पीना, फाइबर युक्त संतुलित आहार लेना, फास्ट फूड और तले-भुने भोजन से परहेज करना, समय पर भोजन करना और रोजाना हल्की शारीरिक गतिविधि करना भी जरूरी है। साथ ही, तनाव को नियंत्रित रखना और पर्याप्त नींद लेना पाचन तंत्र को स्वस्थ बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। यदि पाचन संबंधी समस्या लंबे समय तक बनी रहे या गंभीर रूप ले ले, तो केवल योग पर निर्भर रहने के बजाय डॉक्टर से सलाह अवश्य लें।