Thalapathy Vijay last movie: राजनीति के साथ पर्दे पर भी जलवा, सीएम विजय की 'जन नायकन' यूके में अनकट रिलीज
arvind sahu
Monday, July 13, 2026

Thalapathy Vijay last movie:भारतीय राजनीति में दक्षिण भारतीय क्षेत्र से उभरते हुए राजनेता और फिल्मी कलाकार सीएम थलापति विजयन की फिल्म जननायक को लेकर एक बड़ी अपडेट सामने आई है। जहां जननायक की भारतीय रिलीज की अब तक अधिकारिक रिलीज डेट घोषित नहीं हुई है तो वहीं दूसरी ओर ब्रिटेन में फिल्म को अनकट रिलीज करने की अधिकारिक पुष्टि मिल गई है। फिल्म के यूके डिस्ट्रीब्यूटर अहिंसा एंटरटेनमेंट ने आधिकारिक तौर पर पुष्टि की है कि 'जन नायकन' ब्रिटेन के सिनेमाघरों में बिना किसी कट के रिलीज होगी। यानी यूके के दर्शकों को फिल्म का पूरा और अनकट संस्करण देखने का मौका मिलेगा। इस घोषणा के बाद विजय के प्रशंसकों के बीच फिल्म को लेकर उत्साह और भी बढ़ गया है।
फिल्म के यूके डिस्ट्रीब्यूटर अहिंसा एंटरटेनमेंट ने रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी आधिकारिक घोषणा की। पोस्ट में बताया गया कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री थलापति विजय की फिल्म 'जन नायकन' 24 जुलाई से ब्रिटेन के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। खास बात यह है कि फिल्म को बिना किसी कट के 15 रेटिंग के साथ प्रदर्शित किया जाएगा। डिस्ट्रीब्यूटर ने अपने पोस्ट में लिखा कि दर्शकों को फिल्म में पूरा एक्शन, भरपूर मास एंटरटेनमेंट और थलापति विजय का वही अंदाज देखने को मिलेगा, जैसा फिल्म निर्माताओं ने बड़े पर्दे के लिए तैयार किया है। साथ ही पोस्ट में इसे 'आखिरी बार' बताते हुए फिल्म को लेकर उत्सुकता भी बढ़ा दी गई है।
राजनीति में प्रवेश भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं
दक्षिण भारतीय सिनेमा के सुपरस्टार रहे थलापति विजय का राजनीति में प्रवेश भी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रहा। वर्षों तक पर्दे पर लोकप्रियता हासिल करने के बाद उन्होंने राजनीति का रुख किया और बेहद कम समय में तमिलनाडु की राजनीति के प्रमुख चेहरों में अपनी जगह बना ली। उनकी सभाओं में उमड़ने वाली भारी भीड़, युवाओं के बीच मजबूत पकड़ और जनसंपर्क अभियान ने उन्हें राज्य की राजनीति में तेजी से स्थापित किया। इसके बाद हुए विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी को मिली सफलता ने राजनीतिक विश्लेषकों को भी चौंका दिया और विजय तमिलनाडु की सत्ता तक पहुंचने में कामयाब रहे। फिल्मी दुनिया से राजनीति तक का उनका यह सफर दक्षिण भारत की हालिया राजनीति की सबसे चर्चित घटनाओं में से एक माना जा रहा है।
भारत में 'जन नायकन' को मिला 'A' सर्टिफिकेट
भारत में 'जन नायकन' को सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने 'A' सर्टिफिकेट प्रदान किया है। सीबीएफसी के सर्टिफिकेशन रिकॉर्ड के मुताबिक फिल्म की कुल अवधि 183 मिनट 11 सेकंड, यानी करीब 3 घंटे 3 मिनट है। फिल्म को 9 जुलाई को आधिकारिक रूप से प्रमाणित किया गया। इसका मतलब है कि भारत में यह फिल्म केवल 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में प्रदर्शित की जाएगी।
गौरतलब है कि 'जन नायकन' की शूटिंग अक्टूबर 2024 में शुरू हुई थी, जब थलापति विजय पूरी तरह फिल्मी दुनिया में सक्रिय थे। इसके बाद उन्होंने राजनीति में कदम रखा और 2026 के तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में ऐतिहासिक सफलता हासिल करने के बाद राज्य के मुख्यमंत्री बने। ऐसे में 'जन नायकन' उनके अभिनय करियर की आखिरी फिल्म मानी जा रही है। यही वजह है कि यह फिल्म केवल एक सिनेमाई रिलीज नहीं, बल्कि विजय के फिल्मी सफर का विदाई अध्याय भी मानी जा रही है।