AwazBharti
entertainment

OTT Release This Week: राम चरण, सनी देओल और अक्षय खन्ना की फिल्में देंगी दस्तक

a

arvind sahu

Monday, July 6, 2026

  OTT Release This Week: राम चरण, सनी देओल और अक्षय खन्ना की फिल्में देंगी दस्तक

OTT Release This Week: अगर आप इस वीकेंड घर बैठे बेहतरीन मनोरंजन का आनंद लेना चाहते हैं, तो आपके लिए कई शानदार फिल्में और वेब सीरीज रिलीज होने जा रही हैं। एक्शन, ड्रामा, थ्रिलर और फैमिली एंटरटेनमेंट से भरपूर ये नई रिलीज दर्शकों को भरपूर मनोरंजन देने के लिए तैयार हैं। इस लेख में हम आपको इस हफ्ते ओटीटी प्लेटफॉर्म्स पर रिलीज होने वाली उन चुनिंदा फिल्मों और सीरीज के बारे में बता रहे हैं, जिन्हें आप अपनी वॉचलिस्ट में शामिल कर सकते हैं।

साउथ सुपरस्टार राम चरण और जान्हवी कपूर अभिनीत फिल्म पिद्दी

इस सप्ताह रिलीज होने वाली फिल्मों की सूची में सबसे पहला नाम साउथ सुपरस्टार राम चरण और जान्हवी कपूर अभिनीत फिल्म पिद्दी का है। यह फिल्म 9 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। कहानी एक ऐसे प्रतिभाशाली खिलाड़ी के इर्द-गिर्द घूमती है, जो कई खेलों में अपनी प्रतिभा साबित कर अपने गांव का नाम रोशन करना चाहता है। हालांकि, उसकी राह में राजनीतिक साजिशें और सत्ता का खेल बड़ी चुनौती बनकर सामने आते हैं।

वहीं, 10 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर पति पत्नी और वो 2 भी रिलीज होने जा रही है। आयुष्मान खुराना, वामिका गब्बी और रकुल प्रीत सिंह स्टारर यह फिल्म सुपरहिट पति पत्नी और वो की अगली कड़ी है। इस बार कहानी रिश्तों, गलतफहमियों और हास्य से भरपूर नए घटनाक्रम के साथ आगे बढ़ती है, जिसमें दर्शकों को रोमांस और कॉमेडी का भरपूर तड़का देखने को मिलेगा।

सनी देओल - अक्षय खन्ना भी इस हफ्ते ओटीटी में

सिद्धार्थ पी. मल्होत्रा के निर्देशन में बनी फिल्म इक्का 8 जुलाई को नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होगी। फिल्म में सनी देओल, अक्षय खन्ना और दीया मिर्जा अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। कहानी एक ऐसे प्रतिष्ठित वकील के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे उसी शख्स का बचाव करना पड़ता है जिसे वह कभी दोषी ठहरा चुका होता है। हालात ऐसे बनते हैं कि सच और न्याय के बीच फंसा यह वकील अपने पुराने फैसलों और कानून की सीमाओं को चुनौती देने पर मजबूर हो जाता है।

फिल्म को लेकर दर्शकों में खास उत्साह देखने को मिल रहा है। इसकी एक बड़ी वजह अक्षय खन्ना हैं, जिन्होंने हाल ही में धुरंधर में अपने दमदार अभिनय से दर्शकों और समीक्षकों की खूब तारीफ बटोरी थी। वहीं, सनी देओल भी बॉर्डर जैसी यादगार फिल्म में अपने शानदार प्रदर्शन के लिए आज भी दर्शकों के पसंदीदा सितारों में शामिल हैं। ऐसे में इन दोनों अनुभवी कलाकारों को एक साथ स्क्रीन पर देखने के लिए फैंस काफी उत्साहित हैं।

दो अलग-अलग जॉनर की दमदार प्रस्तुति

बरसात के मौसम में ओटीटी प्लेटफार्म एक से बढ़कर एक कंटेट दर्शकों के सामने पेश करेंगे। इसी क्रम में 10 जुलाई को ओटीटी दर्शकों के लिए दो अलग-अलग जॉनर की दमदार पेशकशें आने वाली हैं। जी5 पर रिलीज होने वाली तमिल फिल्म परिमाला एंड कंपनी एक डार्क कॉमेडी थ्रिलर है, जिसमें रहस्य, पारिवारिक ड्रामा और हल्के-फुल्के हास्य का बेहतरीन मिश्रण देखने को मिलेगा। पंडिराज के निर्देशन में बनी इस फिल्म में जयराम, संजना कृष्णमूर्ति और अनंथिका सनिलकुमार मुख्य भूमिकाओं में हैं। वहीं, इसी दिन नेटफ्लिक्स पर मिस्ट्री ड्रामा सीरीज आई एम नॉट अफरेड भी स्ट्रीम होगी। इसकी कहानी एक ऐसे किशोर के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसे अपने घर के पास जमीन के नीचे कैद एक लड़का मिलता है। उसे बचाने की कोशिश में वह अपने ही परिवार के विरोध का सामना करता है और इसके बाद कई रहस्यमयी घटनाएं सामने आती हैं। एक ओर जहां परिमाला एंड कंपनी कॉमेडी और सस्पेंस का तड़का लगाएगी, वहीं आई एम नॉट अफरेड अपने रहस्य और भावनात्मक कहानी से दर्शकों को बांधे रखने की कोशिश करेगी।