Jana Nayagan Box Office Collection: 'जन नायकन' से बॉक्स ऑफिस पर धमाका करेंगे थलपति विजय? जानें पहले दिन का अनुमान
arvind sahu
Tuesday, July 21, 2026

Jana Nayagan Box Office Collection: तमिलनाडु के मुख्यमंत्री और पूर्व अभिनेता थलपति विजय की अभिनेता के रूप में आखिरी फिल्म 'जन नायकन' आखिरकार बॉक्स ऑफिस पर रिलीज होने जा रही है। पिछले सात महीनों से फिल्म को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से सर्टिफिकेट मिलने में देरी के कारण इसकी रिलीज टलती रही। हालांकि, फिल्म के मेकर्स ने पिछले दिनों घोषणा की थी कि यह फिल्म 23 जुलाई को भारतीय दर्शकों के लिए सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
फिल्म को लेकर देशभर में, खासकर दक्षिण भारत में, थलपति विजय के प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। रिलीज से पहले ही फिल्म ट्रेड एनालिस्ट्स ने इसके पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर अनुमान लगाना शुरू कर दिया है। अनुमान के मुताबिक, थलपति विजय की अभिनेता के तौर पर आखिरी फिल्म मानी जा रही 'जन नायकन' के हिंदी वर्जन का पहले दिन का कलेक्शन करीब 1.4 करोड़ से 1.8 करोड़ रुपये के बीच रह सकता है।
पिछली फिल्मों के मुकाबले कैसा रहेगा प्रदर्शन
विजय की पिछली रिलीज फिल्मों की तुलना में 'जन नायकन' का हिंदी वर्जन पहले दिन के कलेक्शन के मामले में थोड़ा कमजोर नजर आ रहा है। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, उनकी पिछली फिल्मों 'लियो' और 'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' (GOAT) के मुकाबले 'जन नायकन' का शुरुआती कलेक्शन कम रहने का अनुमान है। जहां 'लियो' के हिंदी वर्जन ने पहले दिन करीब 2.85 करोड़ रुपये की कमाई की थी, वहीं 'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' का शुरुआती प्रदर्शन भी काफी बेहतर रहा था।
विजय थलपति की टॉप 5 फिल्मों के हिंदी वर्जन की ओपनिंग डे कमाई
हिंदी वर्जन के पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन की बात करें तो थलपति विजय की फिल्मों में सबसे आगे 'लियो' रही, जिसने रिलीज के पहले दिन 2.85 करोड़ रुपये की कमाई की थी। दूसरे स्थान पर 'द ग्रेटेस्ट ऑफ ऑल टाइम' (GOAT) रही, जिसका ओपनिंग डे कलेक्शन 2.10 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। तीसरे नंबर पर 'वरिसु' रही, जिसने हिंदी वर्जन में पहले दिन 70 लाख रुपये का कारोबार किया। इसके बाद चौथे स्थान पर 'बीस्ट' रही, जिसकी ओपनिंग 60 लाख रुपये रही, जबकि पांचवें नंबर पर 'मास्टर' का नाम आता है, जिसने पहले दिन हिंदी वर्जन में करीब 50 लाख रुपये की कमाई की थी। इन आंकड़ों को देखते हुए माना जा रहा है कि 'जन नायकन' के लिए इन फिल्मों के रिकॉर्ड के करीब पहुंचना आसान नहीं होगा।
गौरतलब हो, राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री का पद संभालने के बाद थलपति विजय ने अपने फिल्मी करियर को विराम दे दिया है। ऐसे में 'जन नायकन' को उनके अभिनय करियर की आखिरी फिल्म माना जा रहा है। यही वजह है कि इस फिल्म को लेकर उनके प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। कई फैंस इस फिल्म को विजय के अभिनय सफर की यादगार विदाई के रूप में देख रहे हैं। ऐसे में दर्शकों की भावनात्मक जुड़ाव और स्टार पावर को देखते हुए फिल्म का वास्तविक बॉक्स ऑफिस कलेक्शन ट्रेड एनालिस्ट्स के शुरुआती अनुमानों से अधिक भी हो सकता है। हालांकि, इसकी वास्तविक तस्वीर फिल्म की रिलीज के बाद दर्शकों की प्रतिक्रिया और वर्ड-ऑफ-माउथ पर निर्भर करेगी।