Dhurandhar Japan Release:भारत के बाद अब जापान में बजेगी 'धुरंधर' की गूंज, रणवीर सिंह की फिल्म हुई रिलीज
arvind sahu
Friday, July 10, 2026

Dhurandhar Japan Release:भारतीय बॉक्स ऑफिस पर शानदार सफलता हासिल करने के बाद निर्देशक आदित्य धर की फिल्म 'धुरंधर' अब जापान में भी रिलीज हो गई है। रणवीर सिंह अभिनीत इस फिल्म की जापान में रिलीज की आधिकारिक घोषणा निर्माता कंपनी जियो स्टूडियोज ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर की। कंपनी ने अपने आधिकारिक अकाउंट से जापानी भाषा में एक पोस्टर साझा करते हुए लिखा, "वह दहाड़ जिसने भारत को हिला दिया, अब जापान में गूंज रही है। जापान के सिनेमाघरों में 'धुरंधर' का अनुभव लें।" जियो स्टूडियोज की घोषणा के साथ ही फिल्म को शुक्रवार को जापान के सिनेमाघरों में रिलीज कर दिया गया, जहां अब इसे अंतरराष्ट्रीय दर्शकों के बीच भी पेश किया जा रहा है।
भारत की सबसे सफल फिल्मों से एक
'धुरंधर' फ्रेंचाइजी ने बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचते हुए भारतीय सिनेमा की सबसे सफल फिल्मों में अपनी जगह बना ली है। पहले भाग 'धुरंधर' (2025) ने दुनिया भर में लगभग ₹1,300 करोड़ का कारोबार किया, जिसमें भारत में ₹835.50 करोड़ नेट, ₹1,002.35 करोड़ ग्रॉस और विदेशी बाजारों से करीब ₹298.65 करोड़ की कमाई शामिल रही। वहीं, इसके सीक्वल 'धुरंधर 2: द रिवेंज' (2026) ने इस रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ते हुए भारत में ₹1,149 करोड़ नेट और दुनिया भर में ₹1,813 करोड़ से अधिक का कलेक्शन किया। दोनों फिल्मों की संयुक्त वैश्विक कमाई ₹3,100 करोड़ के पार पहुंच चुकी है, जिससे 'धुरंधर' भारतीय सिनेमा की सबसे बड़ी और सबसे सफल फिल्म फ्रेंचाइजी में शामिल हो गई है।
'धुरंधर' की सफलता के बाद रणवीर सिंह के पास कई बड़े प्रोजेक्ट्स की कतार है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह निर्देशक जय मेहता की पोस्ट-एपोकैलिप्टिक जॉम्बी थ्रिलर 'प्रलय' में नजर आएंगे, जिसमें दुनिया के अंत के बाद सर्वाइवल की कहानी दिखाई जाएगी। इसके अलावा संजय लीला भंसाली की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'बैजू बावरा' में भी रणवीर अहम भूमिका निभा सकते हैं, जो भंसाली के साथ उनका चौथा सहयोग होगा। वहीं, सोशल मीडिया पर 'रॉकी और रानी की प्रेम कहानी 2' को लेकर भी लगातार चर्चाएं हैं और माना जा रहा है कि इसके सीक्वल में भी रणवीर सिंह की वापसी हो सकती है। हालांकि, इन परियोजनाओं को लेकर निर्माताओं की ओर से आधिकारिक घोषणा का इंतजार है।