AwazBharti
entertainment

Christopher Nolan The Odyssey: जहां कई हॉलीवुड फिल्मों पर चली सेंसर की कैंची, वहीं 'द ओडिसी' को मिली क्लीन चिट

a

arvind sahu

Saturday, July 11, 2026

Christopher Nolan The Odyssey: जहां कई हॉलीवुड फिल्मों पर चली सेंसर की कैंची, वहीं 'द ओडिसी' को मिली क्लीन चिट

Christopher Nolan The Odyssey: भारत का केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) फिल्मों को सिनेमाघरों में रिलीज करने से पहले विभिन्न दृश्यों पर कैंची चलाने को लेकर अक्सर चर्चा और विवादों में रहता है। कई बार फिल्म निर्माता भी अपनी फिल्मों के कुछ हिस्सों पर लगाए गए कट्स का खुलकर विरोध कर चुके हैं। लेकिन इस बार जो खबर सामने आई है, वह काफी चौंकाने वाली है। दरअसल, जहां कई हॉलीवुड फिल्मों को भारत में रिलीज से पहले अलग-अलग दृश्यों में कट्स का सामना करना पड़ा है, वहीं मशहूर निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द ओडिसी' (The Odyssey) को बिना किसी कट के रिलीज की अनुमति मिल गई है। सेंसर बोर्ड का यह फैसला इसलिए भी खास माना जा रहा है, क्योंकि विदेशी फिल्मों के मामले में आमतौर पर बोर्ड का रुख काफी सख्त देखा जाता है।

सर्टिफिकेशन की बात करें तो केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) ने 'द ओडिसी' को 'A' (एडल्ट) सर्टिफिकेट प्रदान किया है। इसका मतलब है कि यह फिल्म केवल 18 वर्ष या उससे अधिक आयु के दर्शकों के लिए होगी। फिल्म को 9 जुलाई 2026 को आधिकारिक रूप से प्रमाणन मिला। सिनेमाघरों में इसका रनटाइम 172 मिनट 33 सेकंड (करीब 2 घंटे 52 मिनट) रहेगा, जिसमें दर्शकों को क्रिस्टोफर नोलन की भव्य सिनेमाई प्रस्तुति देखने को मिलेगी।

क्रिस्टोफर नोलन की मोस्ट अवेटेड फिल्म

'ओपेनहाइमर' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्म देने वाले दिग्गज निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'द ओडिसी' भारत में 17 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है। फिल्म को लेकर दुनिया भर में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। हाल ही में आयोजित इसकी विशेष स्क्रीनिंग में समीक्षकों और चुनिंदा दर्शकों ने इसे शानदार प्रतिक्रिया दी है। फिल्म की लोकप्रियता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि कई जगहों पर इसके प्रीमियम टिकटों की कीमत करीब 47 हजार रुपये तक पहुंच गई है, इसके बावजूद दर्शक इन्हें खरीदने से पीछे नहीं हट रहे हैं।

प्रीमियम सीटें 3,300 रुपये तक

भारत में भी 'द ओडिसी' को लेकर जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म के IMAX और अन्य प्रीमियम फॉर्मेट की टिकटों की बिक्री 8 जून 2026 से शुरू हो चुकी है। दिल्ली, मुंबई, पुणे समेत कई बड़े शहरों में प्रीमियम टिकटों की कीमत ₹1,000 से ₹3,300 तक रखी गई है। खासकर मुंबई के हाई-एंड मल्टीप्लेक्स में रिक्लाइनर सीटों के टिकट ₹3,000 से ₹3,300 तक बिक रहे हैं। टिकटों की ऊंची कीमत के बावजूद दर्शकों का उत्साह कम नहीं हुआ है। इसकी सबसे बड़ी वजह क्रिस्टोफर नोलन की फिल्मों का जबरदस्त फैन बेस और उनका सिनेमाई अनुभव है। नोलन अपनी फिल्मों को विशेष रूप से IMAX फॉर्मेट के लिए डिज़ाइन करते हैं, जिससे बड़े पर्दे पर फिल्म देखने का अनुभव और भी शानदार हो जाता है।

गौरतलब हो, मशहूर फिल्म निर्देशक क्रिस्टोफर नोलन की आखिरी रिलीज फिल्म 'ओपेनहाइमर' 21 जुलाई 2023 को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज हुई थी। परमाणु बम के जनक जे. रॉबर्ट ओपेनहाइमर के जीवन पर आधारित इस बायोग्राफिकल ड्रामा ने रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर जबरदस्त सफलता हासिल की। फिल्म ने दुनिया भर में लगभग 975 मिलियन डॉलर (करीब ₹8,100 करोड़) का कारोबार किया और यह क्रिस्टोफर नोलन के करियर की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई। समीक्षकों के साथ-साथ दर्शकों ने भी फिल्म को खूब सराहा, साथ ही इस फिल्म ने 96वें अकादमी अवॉर्ड्स (ऑस्कर) में इसने सर्वश्रेष्ठ फिल्म समेत 7 ऑस्कर पुरस्कार अपने नाम किए।