AwazBharti
entertainment

Anupam Kher Shri Ram Bhoomi: राम मंदिर टिप्पणी पर घिरे अनुपम खेर, अब ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब

a

arvind sahu

Tuesday, July 14, 2026

Anupam Kher Shri Ram Bhoomi: राम मंदिर टिप्पणी पर घिरे अनुपम खेर, अब ट्रोलर्स को दिया करारा जवाब

Anupam Kher Shri Ram Bhoomi: राम मंदिर चंदा चोरी विवाद में अपनी टिप्पणी को लेकर ट्रोलर्स और आलोचकों के निशाने पर आए अभिनेता अनुपम खेर ने करारा जवाब दिया है। अपनी बात पर कायम रहते हुए अभिनेता ने उनकी आलोचना करने वाले लोगों को स्पष्ट संदेश दिया। अपने ऊपर हो रहे जुबानी हमलों और सोशल मीडिया ट्रोलिंग को लेकर उन्होंने एक वीडियो जारी करते हुए कहा, "मैं सिर्फ़ इतना कहना चाहता हूँ कि मैं न पहले कभी डरा हूँ, न आज डरता हूँ और न आगे डरूँगा। ट्रोल्स हों, तथाकथित इन्फ्लुएंसर्स हों या नेता, किसी के शोर से मेरी बात नहीं बदलेगी। जो मुझे सही लगेगा, मैं वही कहूँगा। आप सहमत हों या असहमत, यह आपका अधिकार है। लेकिन सच बोलना मेरा अधिकार भी है और मेरा कर्तव्य भी।"

बता दें कि अभिनेता का यह बयान उस विवाद के बाद आया है, जो राम मंदिर चंदा चोरी मामले पर उनकी पूर्व टिप्पणी के बाद खड़ा हुआ था। उस समय उन्होंने कहा था कि राम मंदिर में चोरी की घटना एक छोटी-मोटी घटना थी और इसकी तुलना मुगलों के समय हुई बड़ी लूटपाट और तबाही से की थी। इस बयान को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा था।

बयान को तोड़-मरोड़कर पेश किए जाने का लगाया आरोप

अनुपम खेर ने इंस्टाग्राम पर जारी अपने वीडियो में कहा कि उन्होंने राम मंदिर चंदा चोरी विवाद पर जो भी टिप्पणी की थी, वह पूरी जिम्मेदारी और ईमानदारी के साथ की थी। उनका आरोप है कि कुछ लोग जानबूझकर उनके बयान के एक हिस्से को संदर्भ से अलग करके पेश कर रहे हैं, ताकि बेवजह विवाद खड़ा किया जा सके। अभिनेता ने कहा कि उनकी बात का गलत अर्थ निकालकर सोशल मीडिया पर भ्रम फैलाया गया, जबकि उनका उद्देश्य किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था।

परदे पर अशोक सिंघल का किरदार निभाएंगे

श्री रामभूमि' अनुपम खेर के करियर की 552वीं फिल्म है, जिसकी घोषणा मई 2026 में की गई थी। फिल्म का निर्देशन कामाख्या नारायण सिंह कर रहे हैं, जबकि इसमें अनुपम खेर के साथ ऋत्विक भौमिक और अमृता खानविलकर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। फिल्म की कहानी श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन और उससे जुड़े ऐतिहासिक घटनाक्रमों की पृष्ठभूमि पर आधारित बताई जा रही है। हाल ही में अनुपम खेर ने पुष्टि की है कि वह फिल्म में विश्व हिंदू परिषद के पूर्व अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंघल का किरदार निभा रहे हैं। अभिनेता ने इसे अपने करियर की सबसे जिम्मेदार भूमिकाओं में से एक बताते हुए कहा कि वह इस ऐतिहासिक व्यक्तित्व को पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ पर्दे पर उतारने का प्रयास करेंगे।

'तन्वी द ग्रेट' को कान्स में मिली खूब सराहना

'श्री रामभूमि' से पहले अनुपम खेर बतौर निर्देशक अपनी फिल्म 'तन्वी द ग्रेट' को लेकर भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चर्चा बटोर चुके हैं। इस फिल्म का वर्ल्ड प्रीमियर 2025 के कान्स फिल्म फेस्टिवल के मार्शे डू फिल्म (Marché du Film) में हुआ था, जहां इसे दर्शकों की ओर से गर्मजोशी से स्वागत मिला। स्क्रीनिंग के बाद फिल्म को स्टैंडिंग ओवेशन भी मिला, जबकि अनुपम खेर ने दर्शकों के भावुक और सकारात्मक प्रतिक्रिया के लिए आभार व्यक्त किया था। इसके बाद फिल्म का प्रदर्शन लंदन, न्यूयॉर्क और लॉस एंजिलिस समेत कई अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी किया गया।