Alpha Box Office Collection: 'अल्फा' की बॉक्स ऑफिस पर फीकी शुरुआत, सुबह के शो रहे खाली
arvind sahu
Friday, July 3, 2026

Alpha Box Office Collection: आलिया भट्ट, शरवरी वाघ, बॉबी देओल और अनिल कपूर जैसे सितारों से सजी यशराज बैनर की बहुचर्चित फिल्म 'अल्फा' की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही। फिल्म के ज्यादातर मॉर्निंग शो में सीटें खाली दिखाई दीं, जिसके बाद ट्रेड पंडितों ने इसके पहले दिन के बॉक्स ऑफिस कलेक्शन को लेकर अनुमान लगाने शुरू कर दिए हैं। फिल्म को मिले ठंडे रिस्पॉन्स को देखते हुए माना जा रहा है कि पहले दिन इसका कलेक्शन 10 करोड़ रुपये का आंकड़ा भी पार नहीं कर पाएगा। बड़ी स्टारकास्ट और भारी-भरकम बजट को देखते हुए यह फिल्म के निर्माताओं के लिए निराशाजनक साबित हो सकती है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, पहले दिन फिल्म के करीब 9,000 शो में औसतन केवल 10 प्रतिशत सीटों पर ही दर्शक नजर आए। हालांकि, दोपहर और शाम के शो में दर्शकों की संख्या बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। इसके बावजूद कमजोर एडवांस बुकिंग और दूसरी बड़ी फिल्मों व फ्रेंचाइजी से हो रही तुलना 'अल्फा' के बॉक्स ऑफिस प्रदर्शन पर भारी पड़ती दिखाई दे रही है।
फिल्म को लेकर दर्शकों के रिव्यू
अपने पसंदीदा कलाकारों की फिल्म देखने पहुंचे दर्शकों ने भी फिल्म को लेकर अपनी प्रतिक्रिया देनी शुरू कर दी है। फिल्म की कहानी को लेकर कई दर्शकों ने निराशा जताई है। हालांकि, कुछ लोगों ने फिल्म की जमकर तारीफ भी की है। यानी कहा जा सकता है कि फिल्म को लेकर दर्शकों की शुरुआती प्रतिक्रिया मिश्रित रही है। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने फिल्म के दमदार एक्शन सीक्वेंस, शरवरी वाघ की अदाकारी और ऋतिक रोशन के कैमियो की सराहना की है। वहीं, कुछ दर्शकों ने कहानी, स्क्रीनप्ले और फिल्म की रफ्तार को इसकी कमजोर कड़ी बताया है। कई लोगों का मानना है कि बड़े स्तर पर प्रचार और ऊंची उम्मीदों के बावजूद फिल्म उनकी अपेक्षाओं पर पूरी तरह खरी नहीं उतर पाई।
भारी-भरकम बजट के साथ बनी 'अल्फा'
करीब 130 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'अल्फा' का निर्देशन 'द रेलवे मैन' फेम शिव रवैल ने किया है। यह YRF स्पाई यूनिवर्स की सातवीं फिल्म है। इससे पहले इस फ्रेंचाइजी की 'एक था टाइगर', 'टाइगर जिंदा है', 'वॉर', 'पठान', 'टाइगर 3' और 'वॉर 2' जैसी फिल्मों को दर्शकों का भरपूर प्यार मिला है। इन फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर भी शानदार प्रदर्शन किया, जिसके चलते 'अल्फा' से भी निर्माताओं और दर्शकों को काफी उम्मीदें थीं। हालांकि, इसकी शुरुआती प्रतिक्रिया ने निर्माताओं की चिंता जरूर बढ़ा दी होगी।

रिलीज से दो दिन पहले शुरू हुई एडवांस बुकिंग में भी फिल्म को उम्मीद के मुताबिक प्रतिक्रिया नहीं मिली। बुधवार तक फिल्म के केवल 89,786 टिकट ही बिक पाए, जिससे एडवांस बुकिंग के जरिए करीब 3.06 करोड़ रुपये की ग्रॉस कमाई हुई। वहीं, ब्लॉक सीटों को शामिल करने पर यह आंकड़ा बढ़कर लगभग 5.39 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। कमजोर प्री-बुकिंग के साथ सिनेमाघरों में उतरी फिल्म के लिए यह शुरुआत उम्मीद से काफी फीकी मानी जा रही है।
इस शुक्रवार रिलीज हुईं कई बड़ी फिल्में
3 जुलाई को सिनेमाघरों में आलिया भट्ट और शरवरी वाघ स्टारर स्पाई थ्रिलर 'अल्फा' के साथ हुमा कुरैशी की क्राइम थ्रिलर 'बेबी डू डाई डू' ने भी दस्तक दी। इसके अलावा दक्षिण भारतीय सिनेमा से पौराणिक फैंटेसी फिल्म 'नागबंधम: द सीक्रेट ट्रेजर' और हॉलीवुड फिल्म 'द डेथ ऑफ रॉबिन हुड' भी दर्शकों के बीच पहुंची हैं। वहीं, अजय देवगन स्टारर कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' अब 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होगी, जिससे अगले सप्ताह बॉक्स ऑफिस पर मुकाबला और दिलचस्प होने की उम्मीद है।