Akshay Kumar-Saif Ali Khan Reunion: 'हैवान' से बड़े पर्दे पर लौटेगी हिट जोड़ी
arvind sahu
Saturday, June 27, 2026

Akshay Kumar-Saif Ali Khan Reunion: सिनेमा की दुनिया की खिलाड़ी और अनाड़ी की जोड़ी एक बार फिर बड़े पर्दे पर लौटने जा रही है। जी हां! 1 जुलाई 1994 को सिनेमाघरों में रिलीज हुई, 1994 की सबसे सफल हिंदी फिल्मों में शामिल और आज भी अक्षय कुमार व सैफ अली खान की सबसे यादगार फिल्मों में गिनी जाने वाली फिल्म 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' की आइकॉनिक जोड़ी एक बार फिर साथ नजर आने वाली है। हालांकि, इस बार दोनों बॉलीवुड सितारे एक थ्रिलर फिल्म में दिखाई देंगे। फिल्म का निर्देशन अक्षय कुमार के साथ कई सफल फिल्में दे चुके निर्देशक प्रियदर्शन कर रहे हैं। इस बहुप्रतीक्षित फिल्म का शीर्षक 'हैवान' रखा गया है, जो इसी साल 11 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
अक्षय-सैफ के अलावा इन कलाकारों की भी एंट्री
फिल्म में अक्षय कुमार और सैफ अली खान के अलावा श्रिया पिलगांवकर और सैयामी खेर भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म को लेकर सोशल मीडिया पर चर्चाओं का दौर शुरू हो चुका है। मेकर्स ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर फिल्म का पोस्टर साझा करते हुए इसकी रिलीज डेट की घोषणा की है। जारी पोस्टर पर "60+ Blockbusters, One Master Storyteller" की टैगलाइन के साथ निर्देशक प्रियदर्शन का नाम भी प्रमुखता से दिया गया है। यह फिल्म आयुष्मान खुराना की आगामी फिल्म 'उड़ता तीर' से बॉक्स ऑफिस पर टक्कर लेगी।
सैफ और अक्षय इन फिल्मों में आए साथ
अक्षय कुमार और सैफ अली खान की जोड़ी 1990 के दशक की सबसे लोकप्रिय ऑन-स्क्रीन जोड़ियों में से एक रही है। दोनों ने साथ में Yeh Dillagi, Main Khiladi Tu Anari, Tu Chor Main Sipahi, Keemat - They Are Back, Aarzoo और करीब नौ साल बाद Tashan में भी स्क्रीन साझा की। इनमें 'मैं खिलाड़ी तू अनाड़ी' और 'ये दिल्लगी' जैसी फिल्में बड़ी हिट साबित हुईं, जबकि 'टशन' अपने स्टाइलिश अंदाज, बड़े स्टारकास्ट और अक्षय-सैफ की दमदार केमिस्ट्री को लेकर चर्चा में रही। अब लगभग 18 साल बाद यह लोकप्रिय जोड़ी निर्देशक प्रियदर्शन की आगामी थ्रिलर फिल्म 'हैवान' के जरिए एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने वाली है।

गौरतलब है कि फिलहाल अक्षय कुमार की फिल्म 'वेलकम टू जंगल' शुक्रवार को सिनेमाघरों में रिलीज हुई है। फिल्म को समीक्षकों और दर्शकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिली है। इसके बावजूद यह बॉक्स ऑफिस पर अच्छी कमाई कर रही है। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने रिलीज के पहले दिन भारत में करीब 15 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया, जबकि पेड प्रीव्यू को मिलाकर इसकी कमाई लगभग 18.75 करोड़ रुपये रही। वहीं, पहले दिन फिल्म का वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन करीब 29 करोड़ रुपये दर्ज किया गया।
दुसरी ओर सैफ अली खान की पिछली रिलीज फिल्म Devara: Part 1 थी, जिसमें उन्होंने मुख्य खलनायक 'भैरा' की भूमिका निभाई थी। ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुसार, फिल्म ने भारत में करीब 265 करोड़ रुपये (नेट) का लाइफटाइम कलेक्शन किया, जबकि इसका वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन लगभग 380 से 421 करोड़ रुपये के बीच रहा। अलग-अलग बॉक्स ऑफिस ट्रैकर्स के आंकड़ों में थोड़ा अंतर है, लेकिन सभी ने इसे बड़ी व्यावसायिक सफलता माना गया है।