Akanksha Chamola Lock Upp 2: सेक्शुअलिटी का राज खुलने पर भड़कीं आकांक्षा चमोला, बोलीं- 'पीठ में छुरा घोंप सकती है'
arvind sahu
Sunday, July 5, 2026

Akanksha Chamola Lock Upp 2: रियलिटी शो लॉक अप 2'के नए एपिसोड में उस वक्त जबरदस्त हंगामा देखने को मिला, जब अभिनेत्री आकांक्षा चमोला अपनी निजी जिंदगी से जुड़ी बात सार्वजनिक होने पर साथी कंटेस्टेंट श्रेया पर भड़क उठीं। शो में पहले आकांक्षा ने खुलासा किया था कि उन्हें लड़कियां भी पसंद हैं और शादी से पहले उनके कुछ लड़कियों के साथ रिश्ते रह चुके हैं। इस खुलासे ने दर्शकों के साथ-साथ घर के बाकी सदस्यों को भी चौंका दिया था।
हालांकि, विवाद तब शुरू हुआ जब आकांक्षा को पता चला कि उनकी निजी जिंदगी से जुड़ी यह बात शो के दौरान श्रेया ने उठाई। आकांक्षा का कहना था कि उन्होंने यह बात कभी श्रेया से साझा नहीं की थी। उनके मुताबिक, यह बातचीत उन्होंने बैकस्टेज किसी और के साथ की थी, जिसे श्रेया ने सुन लिया और बाद में गेम के दौरान उसी जानकारी का इस्तेमाल उनके खिलाफ कर दिया।
वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल
इस बात से नाराज आकांक्षा ने सभी कंटेस्टेंट्स के सामने श्रेया को खरी-खोटी सुनाई। उन्होंने आरोप लगाया कि किसी की निजी बात को उसकी अनुमति के बिना सार्वजनिक करना गलत है और ऐसा व्यवहार भरोसे को तोड़ने वाला है। गुस्से में आकांक्षा ने श्रेया को 'जहरीला इंसान' तक कह दिया और घर के बाकी सदस्यों को भी उनसे सतर्क रहने की सलाह दी।
शो से सामने आए वीडियो में आकांक्षा काफी भावुक और नाराज नजर आती हैं। उन्होंने कहा कि उन्होंने अपने जीवन में इससे ज्यादा निर्दयी और क्रूर इंसान नहीं देखा। उनका यह भी कहना था कि श्रेया अपने फायदे के लिए किसी भी हद तक जा सकती हैं और लोगों की पीठ पीछे वार करने से भी नहीं हिचकिचातीं।
आकांक्षा और श्रेया के बीच हुई इस तीखी बहस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दर्शक भी इस पूरे विवाद पर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं। अब देखने वाली बात होगी कि आने वाले एपिसोड में यह विवाद किस मोड़ पर पहुंचता है और घर के अन्य सदस्य इस मामले में किसका साथ देते हैं।
टीवी एक्टर गौरव खन्ना की वाइफ
गौरव खन्ना टेलीविजन इंडस्ट्री के लोकप्रिय अभिनेताओं में शामिल हैं। उन्होंने कई चर्चित धारावाहिकों में काम किया है, लेकिन उन्हें सबसे अधिक पहचान टीवी शो 'अनुपमा' में अनुज कपाड़िया के किरदार से मिली, जिसने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया। नवंबर 2016 में उन्होंने अभिनेत्री आकांक्षा चमोला से शादी की थी। आकांक्षा भी छोटे पर्दे का जाना-माना चेहरा हैं और कई टीवी सीरियल्स में अभिनय कर चुकी हैं। इन दिनों वह रियलिटी शो 'लॉक अप 2' में बतौर कंटेस्टेंट नजर आ रही हैं। शो में उनकी निजी जिंदगी से जुड़े खुलासों और साथी कंटेस्टेंट के साथ उनके विवाद ने उन्हें लगातार सुर्खियों में बनाए रखा है।