ऑस्कर अकादमी ने 529 नए सदस्यों को भेजा न्योता, 6 भारतीय भी शामिल
arvind sahu
Thursday, June 25, 2026

मनोरंजन। ऑस्कर दुनिया के सबसे प्रतिष्ठित फिल्म पुरस्कारों में से एक है। इसे आधिकारिक रूप से Academy of Motion Picture Arts and Sciences (AMPAS) द्वारा प्रदान किया जाता है। फिल्म जगत से जुड़े अधिकांश कलाकारों और तकनीशियनों का सपना होता है कि एक दिन यह प्रतिष्ठित ट्रॉफी उनके नाम हो। हालांकि, ऑस्कर विजेताओं के चयन की प्रक्रिया काफी व्यापक और सुव्यवस्थित होती है। इसके लिए दुनिया भर के फिल्म समुदाय से जुड़े अनुभवी पेशेवरों को अकादमी के वोटिंग पैनल में शामिल किया जाता है, जिनके मतदान के आधार पर विजेताओं का चयन किया जाता है। इसी क्रम में अकादमी ने इस वर्ष 529 नए लोगों को अपने वोटिंग पैनल में शामिल होने का निमंत्रण भेजा है। इनमें भारत के 6 फिल्म पेशेवरों के नाम भी शामिल हैं, जो भारतीय सिनेमा के लिए गर्व की बात मानी जा रही है।
फिल्ममेकर और संगीतकार विशाल भारद्वाज का नाम भी शामिल
Maqbool, Omkara और Haider जैसी फिल्मों के निर्देशक विशाल भारद्वाज को भी इस बार ऑस्कर के के वोटिंग पैनल में शामिल होने का निमंत्रण मिला है, जो वैश्विक फिल्म जगत में उनकी प्रतिष्ठा और योगदान का एक महत्वपूर्ण सम्मान माना जा रहा है। विशाल भारद्वाज ने अपने कैरियर की शुरूआत एक संगीतकार के रूप में की थी लेकिन बाद में निर्देशन में उतरे विशाल भारद्वाज ने भारतीय सिनेमा को William Shakespeare के प्रसिद्ध नाटकों से प्रेरित ऐसी बेहतरीन फिल्में दी जिसने उन्हें भारत सहित दुनियाभर में पहचान और शौहरत दिलाई। कई लोकप्रिय फिल्मों में संगीत दिया है। फिल्ममेकर और संगीतकार विशाल भारद्वाज के नाम कई राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार और अन्य प्रतिष्ठित सम्मान दर्ज हैं।
पैनल में शामिल अन्य नाम
विशाल भारद्वाज के अलावा ऑस्कर के पैनल में भारत से दीपा भाटिया (फिल्म एडिटर) , ए. श्रीकर प्रसाद (एडिटर), एका लखानी (कॉस्ट्यूम डिजाइनर), दिलीप शंकर (कास्टिंग डायरेक्टर), अवनीत कौर (डिज्नी एनिमेटर) का नाम शामिल हैं। दीपा भाटिया को ‘तारे जमीन पर’ और ‘काय पो चे’ जैसी फिल्मों में काम करके पहचान मिली है। कॉस्ट्यूम डिजाइनर एका लखानी रॉकी और रानी की प्रेम कहानी के लिए जानी जाती हैं, जबकि दिलीप शंकर ने लास्ट फिल्म शो जैसी फिल्म में कास्टिंग की थी। वही ए. श्रीकर प्रसाद को खास तौर पर फिल्म RRR के लिए अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली थी।
दुनियाभर से ये बड़े नाम शामिल
ऑस्कर के पैनल में भारतीय हस्तियों के अलाव हॉलीवुड के कई बड़े नाम भी शामिल हैं, जैसे जेकब एलॉर्डी, जेना ऑर्टेगा, जोश ओ'कॉनर और सिमू लियू। इसके अलावा डायरेक्टर जैक क्रेगर और सेफडी ब्रदर्स भी इस सूची का हिस्सा हैं। ज्ञात हो, भारत का ऑस्कर से विशेष जुड़ाव रहा है। RRR के गीत Naatu Naatu ने 2023 में सर्वश्रेष्ठ मौलिक गीत (Best Original Song) का ऑस्कर जीता था, जबकि The Elephant Whisperers ने सर्वश्रेष्ठ डॉक्यूमेंट्री शॉर्ट फिल्म का पुरस्कार हासिल किया था।

ऑस्कर वोटिंग पैनल में शामिल होना अपने आप में एक बड़ा सम्मान माना जाता है, क्योंकि इससे सदस्य भविष्य के ऑस्कर विजेताओं के चयन की प्रक्रिया का हिस्सा बन जाते हैं। इसलिए जब किसी भारतीय फिल्मकार या कलाकार को अकादमी की सदस्यता का निमंत्रण मिलता है, तो इसे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उसकी उपलब्धियों की मान्यता माना जाता है।