Lucknow Encounter: लखनऊ में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, 1 लाख का इनामी अपराधी ढेर
arvind sahu
Saturday, June 27, 2026

Lucknow Encounter: उत्तर प्रदेश में अपराधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में राजधानी लखनऊ में पुलिस ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक लाख रुपये के इनामी कुख्यात अपराधी संजय उर्फ संजीव को मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी अंबेडकरनगर का रहने वाला था और कई संगीन आपराधिक मामलों में वांछित था। वह चर्चित बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड का मुख्य आरोपी भी था। इस घटना के बाद से पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी।
संजीव बिल्डर संदीप सिंह की हत्या में मुख्य आरोपी
बिल्डर संदीप सिंह की 27 मई को पीजीआई थाना क्षेत्र में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में खुलासा हुआ था कि इस वारदात को अंजाम देने के लिए 5 लाख रुपये की सुपारी दी गई थी। मामले में पुलिस ने हत्या की साजिश रचने वाले कथित मास्टरमाइंड दिनेश यादव समेत कई आरोपियों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। हालांकि, इस हत्याकांड का मुख्य शूटर संजय उर्फ संजीव वारदात के बाद से लगातार फरार चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश में जुटी थी।

मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, शनिवार सुबह पुलिस को संजय उर्फ संजीव की लोकेशन लखनऊ के इंदिरा कैनाल रोड क्षेत्र में मिली। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरा देख संजीव ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में वह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। इस तरह बिल्डर संदीप सिंह हत्याकांड के मुख्य आरोपी का पुलिस मुठभेड़ में अंत हो गया।
दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग के साथ काम
पुलिस के अनुसार, संजय उर्फ संजीव का आपराधिक नेटवर्क पूर्वांचल के कई जिलों तक फैला हुआ था। उसके खिलाफ अंबेडकरनगर, अयोध्या और बस्ती समेत विभिन्न जिलों में हत्या सहित कई संगीन अपराधों के मामले दर्ज थे। जांच में यह भी सामने आया है कि वह कुख्यात अपराधी दिलीप वर्मा और खान मुबारक गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर कई जघन्य वारदातों को अंजाम दे चुका था। इसी वजह से वह लंबे समय से पुलिस की मोस्ट वांटेड सूची में शामिल था।