AwazBharti
crime

CRIME NEWS: बहू की बहादुरी से नाकाम हुई लूट, दो घंटे की मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार

a

arvind sahu

Saturday, July 4, 2026

CRIME NEWS: बहू की बहादुरी से नाकाम हुई लूट, दो घंटे की मुठभेड़ के बाद तीन बदमाश गिरफ्तार

CRIME NEWS: उत्तर प्रदेश के कासगंज जिले के पटियाली कस्बे में शुक्रवार को दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। जिलानी गेस्ट हाउस के पास स्थित एक फौजी के घर में तीन हथियारबंद बदमाश घुस आए। उन्होंने घर में मौजूद दंपती और उनके मासूम बेटे को बंधक बनाने की कोशिश की। हालांकि, परिवार ने घबराने के बजाय बहादुरी और सूझबूझ का परिचय दिया। मौका मिलते ही सभी बदमाशों के चंगुल से बाहर निकल आए और बाहर से घर का दरवाजा बंद कर दिया। इससे तीनों बदमाश मकान के अंदर ही कैद हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर ऑपरेशन शुरू कर दिया।

बहू की बहादुरी से नाकाम हुई लूट

कासगंज के पटियाली-गंजडुंडवारा रोड स्थित जिलानी गेस्ट हाउस के पास असम राइफल में तैनात फौजी राघवेंद्र सिंह यादव के घर शुक्रवार शाम करीब 4:30 बजे बाइक सवार तीन बदमाश शादी का कार्ड देने के बहाने पहुंचे। दरवाजा खुलते ही उन्होंने फौजी के बेटे राहुल यादव पर तमंचे की बट से हमला कर दिया और घर में घुसकर राहुल, उनकी पत्नी टिंकी और बेटे को बंधक बनाने का प्रयास किया।


टिंकी ने बहादुरी दिखाते हुए शोर मचाया, जिससे आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। भीड़ देखकर बदमाश दूसरी मंजिल पर भाग गए। इसी बीच टिंकी घायल पति और बेटे को लेकर बाहर निकल आईं और घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया, जिससे तीनों बदमाश मकान के अंदर ही फंस गए। इस प्रकार फौजी की बहू की बाहदुरी के चलते अपराधियों की साजिश नाकाम हो गई।

पुलिस से मुठभेड़ में अपराधी जख्मी

गंजडुंडवारा रोड स्थित एक मकान में तीन हथियारबंद बदमाशों के घुसने की सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। करीब दो घंटे तक चले ऑपरेशन और मुठभेड़ के बाद दो बदमाशों को गोली लगने के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के पैर में गोली लगी है और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, तीसरा बदमाश बचने की कोशिश में छत से कूदकर घायल हो गया, जिसे पुलिस ने दबोचकर उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया।

100 मीटर के एरिया की पुलिस ने की नाकाबंदी

मकान में बदमाशों के फंसे होने की सूचना मिलते ही पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनजर आसपास के करीब 100 मीटर क्षेत्र को पूरी तरह सील कर दिया। किसी भी व्यक्ति को घटनास्थल के पास जाने की अनुमति नहीं दी गई और पूरे इलाके में कड़ी नाकाबंदी कर दी गई। हालांकि, सनसनीखेज घटनाक्रम के चलते बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए, जिन्हें बार-बार पीछे हटाने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। इसी दौरान मुठभेड़ शुरू होते ही पहली गोली चलने की आवाज सुनकर लोग पीछे हटने लगे। लगातार फायरिंग की आवाजें आने पर भीड़ और दूर चली गई, जिसके बाद पुलिस ने सुरक्षित तरीके से ऑपरेशन पूरा कर तीनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।