AwazBharti
business

EPFO Update 2026: 31 लाख खातों में पड़े हैं 9,300 करोड़ रुपये, लाखों लोगों ने अब तक नहीं किया पीएफ क्लेम

a

arvind sahu

Saturday, July 4, 2026

EPFO Update 2026: 31 लाख खातों में पड़े हैं 9,300 करोड़ रुपये, लाखों लोगों ने अब तक नहीं किया पीएफ क्लेम

EPFO Update 2026: अपनी मेहनत की कमाई से की गई बचत का फायदा उठाना भला कौन नहीं चाहेगा। प्राइवेट कंपनियों में काम करने वाले कर्मचारियों की सैलरी से हर महीने कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) के लिए रकम काटी जाती है, ताकि रिटायरमेंट या नौकरी छोड़ने के बाद यही पैसा उनके मुश्किल समय में काम आ सके। लेकिन हैरानी की बात यह है कि देशभर में करीब 31 लाख EPF खातों में लगभग 9,300 करोड़ रुपये अब भी बिना क्लेम के पड़े हैं। यानी लाखों लोगों ने अब तक अपनी ही जमा पूंजी पर दावा नहीं किया है।

आरटीआई के माध्यम से सामने आई जानकारी

आरटीआई के जरिए सामने आई जानकारी के अनुसार, देशभर में 30.91 लाख निष्क्रिय कर्मचारी भविष्य निधि (EPF) खातों में 9,330 करोड़ रुपये से अधिक की राशि बिना क्लेम के पड़ी हुई है। यह खुलासा इंडिया टुडे को मिली सूचना के अधिकार (RTI) के जवाब में हुआ है। इन खातों में जमा रकम पर अब तक संबंधित खाताधारकों या उनके कानूनी वारिसों ने दावा नहीं किया है, जिसके कारण यह राशि वर्षों से निष्क्रिय खातों में ही पड़ी हुई है।

अनक्लेम्ड EPF राशि में 851 करोड़ रुपये की कमी

ईपीएफओ के आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च 2025 तक देशभर में 31.83 लाख ईपीएफ खाते निष्क्रिय थे, जिनमें 10,181 करोड़ रुपये की राशि बिना क्लेम के जमा थी। एक साल बाद 31 मार्च 2026 तक स्थिति में कुछ सुधार दर्ज किया गया। इस दौरान निष्क्रिय खातों की संख्या घटकर 30,91,862 रह गई, जबकि इन खातों में बिना दावे की रकम भी घटकर करीब 9,330 करोड़ रुपये रह गई। इसका मतलब है कि एक वर्ष में लगभग 92 हजार खाते दोबारा सक्रिय हुए और करीब 851 करोड़ रुपये की राशि पर खाताधारकों ने दावा किया।

हालांकि, इन आंकड़ों में सुधार के बावजूद तस्वीर पूरी तरह संतोषजनक नहीं है। अब भी देशभर में करीब 31 लाख ईपीएफ खाते निष्क्रिय पड़े हैं, जिनमें कर्मचारियों की रिटायरमेंट बचत के 9,330 करोड़ रुपये से अधिक जमा हैं। यह रकम अब तक संबंधित खाताधारकों या उनके कानूनी वारिसों द्वारा क्लेम नहीं की गई है।